कल्याण, सुविधा और विश्वास की नई शुरुआत—पुलिस लाइन परिसर में पुलिस केंटीन लोकार्पित
टीकमगढ़
पुलिस लाइन परिसर, टीकमगढ़ में आज दिनांक 04 फ़रवरी 2026 को नवनिर्मित पुलिस केंटीन का विधिवत लोकार्पण पुलिस महानिरीक्षक, सागर जोन डॉ. हिमानी खन्ना एवं उप पुलिस महानिरीक्षक, छतरपुर रेंज श्री विजय खत्री द्वारा पुलिस अधीक्षक टीकमगढ़ श्री मनोहर सिंह मंडलोई की गरिमामयी उपस्थिति में किया गया।
यह पुलिस केंटीन पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों, सेवानिवृत्त पुलिसकर्मियों एवं उनके परिवारजनों के कल्याण, सुविधा एवं आर्थिक राहत को दृष्टिगत रखते हुए स्थापित की गई है, जिससे उन्हें दैनिक उपयोग की आवश्यक वस्तुएं उचित दरों पर, सुलभ एवं गुणवत्तापूर्ण रूप में उपलब्ध हो सकें।
लागत एवं वित्तीय प्रावधान
पुलिस केंटीन की स्थापना हेतु ₹10 लाख की राशि पुलिस मुख्यालय द्वारा पुलिस कल्याण हेतु उपलब्ध कराई गई विशेष निधि से प्रदान की गई है।
इसमें से ₹4 लाख 40 हजार की राशि केंटीन के निर्माण, फर्नीचर एवं अन्य आवश्यक सामग्री पर व्यय की गई है, जबकि शेष राशि का उपयोग पुलिस परिवार हेतु आवश्यक सामग्री के क्रय में किया जाएगा।
सामग्री एवं आपूर्ति व्यवस्था
केंटीन में उपलब्ध राशन एवं दैनिक उपयोग की सामग्री केंद्रीय पुलिस कल्याण भंडार की मास्टर यूनिट, बीएसएफ टेकनपुर (ग्वालियर) से प्राप्त की जाएगी। सामग्री की आपूर्ति मांग के अनुरूप एवं समयबद्ध रूप से सुनिश्चित की जाएगी।
संचालन, पारदर्शिता एवं भुगतान प्रणाली
पुलिस केंटीन का संचालन पारदर्शी, सुव्यवस्थित एवं नियमबद्ध तरीके से किया जाएगा।
सभी भुगतान बैंक खाता एवं यूपीआई माध्यम से किए जाएंगे, जिससे लेन-देन पूरी तरह पारदर्शी रहेगा।
सुरक्षा व्यवस्था एवं आधारभूत सुविधाएं
केंटीन परिसर में
▪️ सीसीटीवी कैमरे,
▪️ अग्निशामक यंत्र,
▪️ पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था,
▪️ 24 घंटे विद्युत आपूर्ति
की समुचित व्यवस्था की गई है।
स्टाफ व्यवस्था एवं निगरानी
केंटीन के संचालन हेतु 01 स्टाफ, 01 प्रधान आरक्षक एवं 03 आरक्षक तैनात किए गए हैं।
मास्टर केंटीन से प्राप्त सामग्री का निरीक्षण राजपत्रित अधिकारी द्वारा किया जाएगा तथा सामग्री के मिलान के पश्चात ही केंटीन में आमद सुनिश्चित की जाएगी, जिससे संचालन सुरक्षित, अनुशासित एवं नियमों के अनुरूप बना रहे।
पुलिस परिवार को मिलने वाले लाभ
पुलिस केंटीन के माध्यम से पुलिस अधिकारी-कर्मचारी, सेवानिवृत्त पुलिसकर्मी एवं पात्र केंद्रीय कर्मचारी बाजार दर की तुलना में प्रत्येक सामग्री पर जीएसटी में 50 प्रतिशत तक का लाभ प्राप्त कर सकेंगे।
यह पहल पुलिस कल्याण को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
इस अवसर पर एएसपी टीकमगढ़ श्री विक्रम सिंह,एसडीओपी श्री राहुल कटरे सहित पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे ।
🔰 टीकमगढ़ पुलिस — पुलिस परिवार के कल्याण हेतु सतत प्रतिबद्ध
0 Comments