Header Ads Widget

Ticker

6/recent/ticker-posts

ग्राम सभा में सामाजिक कुरीतियों पर मंथन, बाल विवाह व नशामुक्ति को लेकर लिया गया संकल्प


ग्राम पंचायत सिंहपुर में आयोजित हुआ ग्रामोदय से अभ्युदय कार्यक्रम
शहडोल 

जन अभियान परिषद शहडोल के तत्वाधान में सोहागपुर जनपद पंचायत की ग्राम पंचायत सिंहपुर में ग्रामोदय से अभ्युदय कार्यक्रम का आयोजन शासकीय माध्यमिक विद्यालय के प्रांगण में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ जनपद सदस्य श्रीमती मधु श्रीवास्तव, ग्राम पंचायत सरपंच श्री सुंदर बैगा, उपसरपंच एवं जिला समन्वयक जन अभियान परिषद श्री विवेक पाण्डेय द्वारा माँ सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन एवं पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया।
कार्यक्रम के दौरान स्वच्छता का संदेश जन-जन तक पहुँचाने के उद्देश्य से स्वच्छता की पाठशाला का आयोजन किया गया। वहीं स्कूली बच्चों द्वारा हाथों में स्वच्छता संबंधी स्लोगन लेकर ग्राम सिंहपुर में स्वच्छता रैली निकाली गई, जिसे ग्रामीणों का व्यापक समर्थन मिला।
कार्यक्रम में बीपीएल परिवारों को शासन द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी गई। प्रधानमंत्री आवास योजना, नल-जल योजना, संबल योजना सहित अन्य योजनाओं के हितग्राहियों को मिलने वाले लाभों के संबंध में विस्तार से चर्चा की गई। उपस्थित जनसमूह को बेटियों की शिक्षा, बच्चों के बीमार होने पर चिकित्सकीय सलाह लेने, बच्चों को दागने की कुप्रथा के दुष्परिणामों से अवगत कराते हुए बाल विवाह न करने का संकल्प दिलाया गया।
ग्राम सभा में बाल विवाह की रोकथाम, नशामुक्ति अभियान, शिक्षा का महत्व, स्वच्छता, महिला सशक्तिकरण एवं सरकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर गहन मंथन किया गया। जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति को जड़ से समाप्त करने के लिए सामूहिक प्रयास करने का आह्वान किया।
बच्चों की शिक्षा पर विशेष जोर देते हुए यह निर्णय लिया गया कि ग्राम स्तर पर कोई भी बच्चा विद्यालय छोड़ने न पाए, इसके लिए अभिभावकों एवं पंचायत स्तर पर सतत निगरानी रखी जाएगी। साथ ही नशामुक्त ग्राम के लक्ष्य को लेकर शराब एवं अन्य नशीले पदार्थों के सेवन से होने वाले दुष्प्रभावों की जानकारी दी गई तथा नशे से दूर रहने की शपथ दिलाई गई।
कार्यक्रम में जल जीवन मिशन, मनरेगा, स्वच्छ भारत मिशन सहित अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आमजन को दी गई। ग्रामवासियों ने सामाजिक बुराइयों के विरुद्ध एकजुट होकर कार्य करने, बच्चों एवं महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा ग्राम के सर्वांगीण विकास में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया।

इस अवसर पर प्रधानाध्यापक श्री संजय पाण्डेय एवं विद्यालय के शिक्षकगण, नवांकुर संस्था, आशा युवा महिला बाल उत्थान समिति से श्री शरद त्रिपाठी, ग्राम प्रस्फुटन समिति अध्यक्ष लवकुश त्रिपाठी एवं सचिव रवि सोनी, नवांकुर सखी सिंहपुर श्रीमती मधु खरे, आंगनवाड़ी एवं आशा कार्यकर्ता, पंचायत समन्वयक, राजस्व विभाग का अमला तथा ग्राम पंचायत सचिव श्री विवेक गुप्ता सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

Post a Comment

0 Comments