जन समस्याओं का त्वरित और प्रभावी निराकरण
इंदौर
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मंशा अनुसार आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी निराकरण के उद्देश्य से प्रति सप्ताह मंगलवार आयोजित की जा रही जनसुनवाई का सिलसिला निरंतर जारी है। इसी क्रम में आज कलेक्टर कार्यालय के सभा कक्ष में आयोजित जनसुनवाई में कलेक्टर श्री शिवम वर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने आमजन की समस्याएं सुनकर कई प्रकरणों का मौके पर ही समाधान किया।
आज संपन्न हुई जनसुनवाई में कुल 301 आवेदन प्राप्त हुए। इनमें स्वास्थ्य, राजस्व तथा पारिवारिक विवाद, स्थापना, आर्थिक सहायता आदि से संबंधित प्रकरण शामिल थे। जिन मामलों में तत्काल निराकरण संभव नहीं हो सका, उनके लिए समय-सीमा निर्धारित करते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
कलेक्टर श्री शिवम वर्मा ने बताया कि सभी लंबित आवेदनों का समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित किया जाएगा तथा प्रत्येक सोमवार को इसकी नियमित समीक्षा की जाएगी।
जनसुनवाई के दौरान कई महत्वपूर्ण प्रकरण सामने आए। एक निजी स्कूल से आरटीई के तहत पढ़ने वाले बच्चों को बाहर किए जाने की शिकायत पर स्कूल संचालक को बुलाकर जांच के निर्देश दिए गए, ताकि छात्रहित में उचित निर्णय लिया जा सके। वहीं होलकर साइंस कॉलेज के पूर्व प्राचार्य द्वारा 15 माह से लंबित मेडिकल रिपोर्ट की शिकायत पर स्वास्थ्य विभाग को तत्काल रिपोर्ट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। इसके अतिरिक्त एक बुजुर्ग के पारिवारिक विवाद के मामले में सभी संबंधित पक्षों को बुलाकर मेडिटेशन सेंटर में समझाइश के माध्यम से शांतिपूर्ण समाधान का प्रयास किया जा रहा है। एक महिला द्वारा ससुराल पक्ष पर संपत्ति विवाद एवं उत्पीड़न की शिकायत पर पुलिस विभाग एवं कानूनी सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया गया। इसी तरह एक बुजुर्ग महिला के कैंसर की नि:शुल्क उपचार की व्यवस्था भी की गई। जनसुनवाई अपर कलेक्टर श्री नवजीवन विजय पंवार, श्रीमती निशा डामोर, श्री रोशन राय, श्री रिंकेश वैश्य सहित अन्य अधिकारियों ने भी आमजन की समस्याएं सुनकर उनका निराकरण सुनिश्चित किया।
कलेक्टर श्री वर्मा ने कहा कि जनसुनवाई शासन और जनता के बीच संवाद का सशक्त माध्यम है, जिसके माध्यम से शासन की योजनाओं का लाभ वास्तविक जरूरतमंदों तक पहुंचाया जा रहा है और समस्याओं का मानवीय दृष्टिकोण से समाधान सुनिश्चित किया जा रहा है।
0 Comments