होली का पर्व आपसी भाईचारे के साथ मनाने की जिला शांति समिति के सदस्यों ने जिलेवासियों से की अपील
होलिका दहन पर हरे भरे वृक्षों को नही काटने की अपील की गई
उमरिया
कलेक्टर धरणेन्द्र कुमार जैन ने संपन्न जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक में होली का पर्व जिले की परंपरा अनुसार आपसी भाईचारे के साथ मनाने की अपील जिलेवासियों से की है।
शांति समिति की बैठक में सदस्यों व्दारा हरे भरे पेड़ नही काटने,जबरन चंदा वसूली नही करनें, बिजली के खंभो के नीचे , पेट्रोल पंपों के आस पास, रिहायसी मकानों के आस पास तथा सड़क के आस पास होली नही जलाने की अपील की गई।उन्होने कहा कि होलिका दहन के पूर्व स्थलों का निरीक्षण संबधित अनुविभागीय अधिकारियों तथा अनुविभागीय अधिकारी पुलिस व्दारा किया जाए। साउंड बाक्स का उपयोग मंद ध्वनि से अनुविभगाीय दंडाधिकारी की अनुमति के उपरांत ही किया जाएगा। डीजे लाउड स्पीकर पर पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। होलिका दहन के बाद बचे मलबे कि सफाई नगरीय निकायो में नगर पालिका तथा नगर पंचायत एवं ग्रामीण क्षेत्रो में संबंधित स्थानीय निकाय व्दारा कराई जाएगी। शांति समिति के सदस्यों ने जिलेवासियों से यह भी अपील की है कि सभी लोग मिलजुलकर होली का त्यौहार मनाएं । रासायनिक रंगों का उपयोग नही करें बल्कि प्राकृतिक रंगो का इस्तेमाल करें। बच्चों व्दारा रंग डालने पर विवाद की स्थिति पैदा नही करें।
बैठक में कलेक्टर धरणेन्द्र कुमार जैन ने बताया कि होलिका दहन 2 मार्च को तथा होली का पर्व 3 मार्च को मनाया जाएगा। उन्होने निर्देश दिए कि त्यौहार के दौरान नगर पालिका व्दारा दिन में दो बार पेयजल की आपूर्ति की जाए, अप्रत्याशित घटनाओे से निजात पाने हेतु फायर बिग्रेड एवं पानी से भरे टैंकर के साथ ही जिला अस्पताल में बिस्तरों की व्यवस्था तथा डाक्टर एवं पैरामेडिकल स्टाफ की ड्युटी लगाकर उपलब्धता सुनिश्चित कराई जाए।त्यौहारों के दौरान खाद्य पदार्थाे की व्यापक जांच की जाए तथा मिलावटखोरो के विरूध्द सख्त कार्यवाही की जाए। उन्होने कहा कि मिलावटी खाद्य सामग्री पर निगरानी हेतु एक सप्ताह पूर्व एसडीएम के मार्गदर्शन में कार्यवाही किया जाना सुनिश्चित किया जाए।उन्होने कहा कि प्रतिबंधित दवाईयों का विक्रय नही हो,इस पर विशेष ध्यान दिया जाए।
उन्होने बताया कि त्यौहारों के दौरान पुलिस व्दारा पेट्रोलिंग की जाएगी तथा पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा।नशे की हालत में पाए जाने पर वाहन चालकों के खिलाफ कार्यवाही की जाएगी। आपने सोशल मीडिया में विवादास्पद, समुदाय,धर्म पर आधारित टिप्पणी नही करने की अपील जिलेवासियों से की है । साथ ही किसी भी प्रकार की अप्रत्याशित घटना होने पर तत्काल निकटतम पुलिस थाने एवं एसडीएम तहसीलदार को सूचित करने का आग्रह किया गया है। कलेक्टर ने होलिका पर्व के बाद पिकनिक स्पॉट्स पर निगरानी के निर्देश दिए।
जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक में समिति के सदस्यों व्दारा अपने अपने सुझाव दिए गए। कलेक्टर ने कहा कि समस्त एसडीएम एवं समस्त थाना प्रभारी अपने स्तर पर भी शांति समिति की बैठके आयोजित करें और समिति के सदस्यों से सुझाव प्राप्त करते हुए उसे अमल मे लाएं ।
बैठक में, संयुक्त कलेक्टर रीता डेहरिया, एसडीएम मानपुर हरनीत कौर कलसी, एसडीएम बांधवगढ अंबिकेश प्रताप सिंह, एसडीएम पाली मीनाक्षी इंगले, सीएमओ उमरिया किशन सिंह, सीएमओ पाली, भूपेन्द्र सिंह, सीएमओ मानपुर राजेंद्र कुशवाहा,डा मुकुल तिवारी, समिति के सदस्य त्रिभुवनप्रताप सिंह, राकेश शर्मा, राजेश शर्मा, पुष्पराज सिंह, राकेश प्रताप सिंह, मेंहदी हसन, भंडारी सिंह राजपूत, मो० आजाद, कीर्ति कुमार सोनी, विजय मिंज , अतुल जैन सहित अन्य, सदस्य उपस्थित रहे ।
0 Comments