Header Ads Widget

Ticker

6/recent/ticker-posts

यातायात पुलिस द्वारा निःशुल्क हेलमेट वितरण, सड़क सुरक्षा को लेकर जागरूकता अभियान

🔸यातायात पुलिस द्वारा निःशुल्क हेलमेट वितरण, सड़क सुरक्षा को लेकर जागरूकता अभियान
डिंडौरी

      जिले में लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं को दृष्टिगत रखते हुए जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन एवं समाजसेवियों के संयुक्त सहयोग से रविवार को स्थानीय बस स्टैंड स्थित रानी अवंतीबाई चौराहे पर निःशुल्क हेलमेट वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया एवं पुलिस अधीक्षक श्रीमती वाहनी सिंह द्वारा जरूरतमंद दोपहिया वाहन चालकों को निःशुल्क हेलमेट वितरित किए गए।
इस अभियान का मुख्य उद्देश्य वाहन चालकों में हेलमेट पहनने के प्रति जागरूकता लाना एवं सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली जनहानि को कम करना रहा। हेलमेट वितरण उन वाहन चालकों को किया गया जिनके पास वैध ड्राइविंग लाइसेंस एवं वाहन बीमा उपलब्ध था तथा जो हेलमेट क्रय करने में असमर्थ थे।

इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक श्रीमती वाहनी सिंह ने वाहन चालकों से संवाद करते हुए स्पष्ट किया कि हेलमेट प्राप्त करने के पश्चात भी यदि कोई चालक बिना हेलमेट के वाहन चलाते हुए पाया गया, तो उसके विरुद्ध सख्त चालानी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि हेलमेट जीवन की सुरक्षा का महत्वपूर्ण साधन है और बिना हेलमेट वाहन चलाना स्वयं एवं परिवार के जीवन को जोखिम में डालना है।
कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया ने हेलमेट वितरण करते हुए कहा कि सभी नागरिकों को यातायात नियमों का अनिवार्य रूप से पालन करना चाहिए, जिससे स्वयं के साथ-साथ परिवार की सुरक्षा भी सुनिश्चित हो सके। उन्होंने जानकारी दी कि दिनांक 1 फरवरी 2026 से जिले में बिना हेलमेट के किसी भी दोपहिया वाहन चालक को पेट्रोल नहीं दिया जाएगा, तथा इस निर्देश का पालन नहीं करने वाले पेट्रोल पंप संचालकों के विरुद्ध भी कार्रवाई की जाएगी।

कार्यक्रम के दौरान यमराज का भेष धारण किए समाजसेवी श्री प्रकाश राव द्वारा लगातार लोगों से हेलमेट पहनने और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने की अपील की गई। उनकी टीम द्वारा नुक्कड़ नाटक के माध्यम से यातायात नियमों एवं हेलमेट के महत्व को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया गया।

हेलमेट वितरण में समाजसेवी श्री रमेश राज्यपाल, श्री अमजद खान, मनोज वर्मा (होंडा एजेंसी, मोटर समनापुर) द्वारा भी सहभागिता करते हुए नागरिकों से हेलमेट पहनने की अपील की गई। इस अवसर पर पत्रकार समय जगत के ब्यूरो श्री राकेश मिश्रा को भी हेलमेट प्रदान कर नियमित उपयोग की सलाह दी गई।

कार्यक्रम में एसडीएम सुश्री भारती मरावी, तहसीलदार श्री रामप्रसाद मार्को, यातायात थाना प्रभारी श्री सुभाष उइके, सूबेदार अभिनव राय, एएसआई श्री रामस्वरूप विश्वकर्मा, श्री खूब सिंह ठाकुर, आरक्षक श्री राजन लोधी, धनपाल डोंगरे, भूपेंद्र दुलारे, रवि मरावी, कमलेश अहिरवार, आर.पी. कुशवाहा सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

Post a Comment

0 Comments