परीक्षा की निष्पक्षता, गोपनीयता एवं सुव्यवस्थित संचालन हेतु व्यापक दिशा-निर्देश जारी
डिंडौरी
माध्यमिक शिक्षा मण्डल की वर्ष 2025-26 की कक्षा 10वीं एवं 12वीं बोर्ड परीक्षाओं के सफल, शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित संचालन को लेकर दिनांक 31 जनवरी 2026 को कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया की अध्यक्षता में कलेक्टोरेट परिसर के ऑडिटोरियम में एक महत्वपूर्ण तैयारी बैठक आयोजित की गई।
बैठक में केन्द्राध्यक्ष, सहायक केन्द्राध्यक्ष, पर्यवेक्षक, कलेक्टर प्रतिनिधि, सहायक आयुक्त जनजाति कार्य विभाग श्री राजेन्द्र कुमार, जिला शिक्षा अधिकारी श्रीमती सुमन परस्ते, डीपीसी श्रीमती श्वेता अग्रवाल सहित जिले के समस्त प्राचार्य, अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
बैठक को संबोधित करते हुए कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया ने बोर्ड परीक्षाओं की निष्पक्षता, पारदर्शिता, गोपनीयता एवं सुव्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए विस्तृत दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने सभी परीक्षा केन्द्रों में पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, बैठक व्यवस्था, फर्नीचर तथा मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही विद्यार्थियों के लिए तनावमुक्त एवं अनुकूल परीक्षा वातावरण बनाए जाने पर विशेष जोर दिया। विद्यार्थियों की बेहतर तैयारी के लिए अतिरिक्त कक्षाएं संचालित करने के निर्देश भी दिए गए।
कलेक्टर ने प्रश्नपत्रों की सुरक्षा को अत्यंत महत्वपूर्ण बताते हुए निर्देश दिए कि प्रश्नपत्रों की निकासी निर्धारित समय पर ही संबंधित थाना/चौकी से की जाए। यह कार्यवाही केन्द्राध्यक्ष अथवा सहायक केन्द्राध्यक्ष द्वारा थाना प्रभारी एवं कलेक्टर प्रतिनिधि की उपस्थिति में की जाएगी तथा प्रश्नपत्र परीक्षा तिथि एवं विषयवार टाइम-टेबल के अनुसार ही निकाले जाएं।
उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि परीक्षा केन्द्रों पर केन्द्राध्यक्ष, सहायक केन्द्राध्यक्ष, पर्यवेक्षक एवं अन्य परीक्षा कर्मियों के लिए मोबाइल फोन का उपयोग पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। परीक्षा प्रारंभ होने के दो घंटे पूर्व से लेकर परीक्षा समाप्ति तक केन्द्र से 100 गज की परिधि में अनाधिकृत व्यक्तियों एवं अवांछनीय गतिविधियों पर प्रतिबंध रहेगा। परीक्षार्थियों की तलाशी शालीनता से लेने तथा छात्राओं की तलाशी केवल महिला शिक्षिकाओं द्वारा किए जाने के निर्देश दिए गए।
बैठक में जिला स्तरीय कंट्रोल रूम को समय-समय पर आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराने, गोपनीय सामग्री को मण्डल के निर्देशानुसार सुरक्षित रखने एवं परीक्षा उपरांत संबंधित थाना/चौकी में जमा कराने के निर्देश भी दिए गए। इसके अतिरिक्त परीक्षा कार्य में संलग्न अधिकारियों-कर्मचारियों से यह प्रमाण-पत्र प्राप्त करने के निर्देश दिए गए कि उनके परिजन संबंधित बोर्ड परीक्षा में सम्मिलित नहीं हो रहे हैं। प्रायोगिक परीक्षाओं के लिए बाह्य परीक्षकों की समय पर उपस्थिति सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए।
➡️ परीक्षार्थियों का विवरण
वर्ष 2025-26 में
कक्षा 10वीं में 9,192 नियमित एवं 594 स्वाध्यायी, कुल 9,786 परीक्षार्थी पंजीकृत हैं।
कक्षा 12वीं में 6,389 नियमित एवं 1,104 स्वाध्यायी, कुल 7,493 परीक्षार्थी शामिल होंगे।
इस प्रकार दोनों कक्षाओं को मिलाकर जिले में कुल 17,279 परीक्षार्थी बोर्ड परीक्षा में सम्मिलित होंगे।
जिले में कुल 78 परीक्षा केन्द्र बनाए गए हैं, जिनमें से 7 केन्द्र अतिसंवेदनशील घोषित किए गए हैं। कक्षा 10वीं के लिए 78 तथा कक्षा 12वीं के लिए 65 परीक्षा केन्द्र निर्धारित किए गए हैं।
बैठक के अंत में कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया ने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों से आपसी समन्वय, जिम्मेदारी एवं सतर्कता के साथ कार्य करते हुए बोर्ड परीक्षाओं को शांतिपूर्ण, पारदर्शी एवं नकलमुक्त वातावरण में संपन्न कराने की अपील की।
0 Comments