Header Ads Widget

Ticker

6/recent/ticker-posts

मानसून पूर्व तैयारियों को लेकर विभागों को दिए गए आवश्यक निर्देश

मानसून पूर्व तैयारियों को लेकर विभागों को दिए गए आवश्यक निर्देश
डिंडौरी 

कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया की अध्यक्षता में वीडिया कॉन्फ्रेसिंग कक्ष में आगामी वर्षा ऋतु एवं संभावित आपदा परिस्थितियों को देखते हुए आपदा प्रबंधन की तैयारियों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। जिसमें विभागीय अधिकारियों को मानसून के पूर्व आवश्यक तैयारियां समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए। समीक्षा बैठक में विशेष रूप से नागरिक सुरक्षा, विद्युत व्यवस्था तथा दुर्घटना निवारण, बाढ़, आपदा, ओलावृष्टि संबंधी उपायों पर जोर दिया गया।
     बैठक में निर्देश दिए गए कि वर्षा प्रारंभ होने से पूर्व नगरीय एवं ग्रामीण क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाकर खुले पड़े मैनहोल तथा खुले बोरवेलों को चिन्हित कर सुरक्षित रूप से बंद कराया जाए। आमजन से प्राप्त शिकायतों, स्थानीय अधिकारियों की निरीक्षण रिपोर्ट तथा नगर निकायों से प्राप्त जानकारी के आधार पर त्वरित कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए, ताकि किसी भी प्रकार की दुर्घटना की संभावना को रोका जा सके।
    इसके साथ ही मध्यप्रदेश पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी को मानसून पूर्व विद्युत तंत्र की व्यापक समीक्षा कर सभी आवश्यक सुधार कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। विशेष रूप से खुले विद्युत तारों, जर्जर लाइनों एवं अन्य संभावित जोखिम वाले स्थलों का निरीक्षण कर आवश्यक मरम्मत एवं सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने को कहा गया, जिससे वर्षाकाल के दौरान विद्युत दुर्घटनाओं की स्थिति निर्मित न हो।
     बैठक में अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि जनसुरक्षा को सर्वाेच्च प्राथमिकता देते हुए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ निर्धारित कार्यों को समयबद्ध रूप से पूर्ण करें।
          बैठक के दौरान सीईओ जिला पंचायत श्री दिव्यांशु चौधरी, अपर कलेक्टर श्री जेपी यादव, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अमित वर्मा, डिप्टी कलेक्टर श्री वैधनाथ वासनिक सहित अन्य संबंधित अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे।

Post a Comment

0 Comments