राखी सहाय की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में वित्तीय वर्ष 2025-26 की मार्च 2026 तिमाही की समीक्षा के लिए जिला स्तरीय परामर्शदात्री समिति एवं जिला स्तरीय समीक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई।
उमरिया
बैठक के प्रारंभ में जिला अग्रणी बैंक प्रबंधक सेवक राम सोनवानी ने जिले की बैंकिंग एवं वित्तीय प्रगति का विस्तृत प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। उन्होंने लीड बैंक, नाबार्ड, भारतीय रिजर्व बैंक तथा केंद्र एवं राज्य शासन के विभिन्न विभागों के समन्वित प्रयासों से संचालित वित्तीय समावेशन कार्यक्रमों और जिले की वार्षिक साख योजना की उपलब्धियों की जानकारी दी।
कलेक्टर ने जिले के समग्र आर्थिक विकास के लिए बैंकों को अधिक ऋण वितरण करने तथा जिले की क्रेडिट-डिपॉजिट (सीडी) रेशियो को 40 प्रतिशत से अधिक करने के निर्देश दिए। उन्होंने विशेष रूप से आईसीआईसीआई बैंक को शाखा स्तर के जमा एवं ऋण संबंधी आंकड़े समयबद्ध रूप से उपलब्ध कराने और किसी भी प्रकार की जानकारी न छिपाने के निर्देश दिए।
बैठक में प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना तथा अटल पेंशन योजना के व्यापक प्रचार-प्रसार, अधिक नामांकन और दावों के समयबद्ध निराकरण पर विशेष जोर दिया गया। साथ ही वित्तीय साक्षरता कार्यक्रमों को गांव-गांव तक पहुंचाने और आमजन को बैंकिंग सेवाओं के प्रति जागरूक करने के निर्देश दिए गए।
कलेक्टर ने विभिन्न विभागों और बैंकर्स को शासन की महत्वाकांक्षी योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार करने तथा पात्र हितग्राहियों को समय पर ऋण स्वीकृत कर लाभान्वित करने के निर्देश दिए। विभागों को बैंकर्स के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर वित्तीय वर्ष 2026-27 के लक्ष्यों की पूर्ति दिसंबर 2026 से पहले सुनिश्चित करने को कहा गया। बैठक में बताया गया कि जिले में कुल 5,405 आरआरसी प्रकरणों में लगभग 63.37 करोड़ रुपये की राशि लंबित है। इस पर कलेक्टर ने सभी तहसीलदारों को राजस्व वसूली में तेजी लाने के निर्देश दिए।
प्रायोरिटी सेक्टर ऋणों में लगभग 13 प्रतिशत एनपीए की स्थिति पर चिंता व्यक्त करते हुए अधिकारियों को ऋण वसूली में सहयोग करने तथा गुणवत्तापूर्ण एवं व्यवहार्य प्रकरण बैंक शाखाओं को भेजने के निर्देश दिए गए।वार्षिक साख योजना 2025-26 की समीक्षा में बताया गया कि जिले ने कृषि क्षेत्र में 104 प्रतिशत, एमएसएमई क्षेत्र में 95 प्रतिशत तथा प्रायोरिटी सेक्टर में 103 प्रतिशत लक्ष्य प्राप्ति दर्ज की है। कलेक्टर ने इन उपलब्धियों की सराहना करते हुए भविष्य में भी इसी प्रकार की प्रगति बनाए रखने पर बल दिया।
बैठक में प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना, स्वयं सहायता समूहों की क्रेडिट लिंकेज उपलब्धि, प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना तथा कृषि, उद्यानिकी, मत्स्य पालन एवं पशुपालन विभागों की योजनाओं की समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
भारतीय स्टेट बैंक ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान के निदेशक तरुण कुमार ने संस्थान द्वारा युवाओं को स्वरोजगारोन्मुख प्रशिक्षण प्रदान कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने और बैंकों के माध्यम से क्रेडिट लिंकेज उपलब्ध कराने की जानकारी दी। मुख्यमंत्री हेल्पलाइन शिकायतों के समयबद्ध एवं प्रभावी निराकरण के लिए लीड बैंक को लगातार ‘ए’ ग्रेडिंग मिलने पर कलेक्टर ने विशेष प्रशंसा व्यक्त की।
बैठक में भारतीय रिजर्व बैंक भोपाल से श्रवण कुमार, नाबार्ड के जिला विकास प्रबंधक हिमांशु शुक्ला, एसबीआई आरसेटी के निदेशक तरुण कुमार, जिले के सभी बैंक शाखा प्रबंधक, विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी तथा अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
0 Comments