Header Ads Widget

Ticker

6/recent/ticker-posts

अखिल भारतीय कुशवाहा महासभा ने पुलिस अधीक्षक को सौप ज्ञापन , अपराधियों को संरक्षण देता हैं सिंहपुर पुलिस

शहडोल में महिला पर जानलेवा हमला, पुलिस कार्रवाई पर उठे सवाल 
  शहडोल

शहडोल। जिले के सोहागपुर तहसील अंतर्गत सिंहपुर थाना क्षेत्र में एक महिला पर हुए कथित जानलेवा हमले के बाद क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है। मामले को लेकर अखिल भारतीय कुशवाहा महासभा, संभाग शहडोल ने पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी, मामले की निष्पक्ष जांच तथा एफआईआर में गंभीर धाराएं जोड़ने की मांग की है। घटना ने एक बार फिर जिले की कानून-व्यवस्था और पुलिस कार्रवाई की गंभीरता पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम सिंहपुर निवासी मीना कुशवाहा, पति रामप्रकाश कुशवाहा, के साथ 6 मई को उनके घर पर कथित रूप से बर्बर मारपीट की गई। आरोप है कि मामूली विवाद के बाद कुलदीप पाण्डेय, धर्मेन्द्र पाण्डेय, पुष्पेन्द्र पाण्डेय और मंदीप पाण्डेय ने घर में घुसकर महिला के साथ गाली-गलौज की और ईंट-पत्थरों तथा लात-घूंसों से हमला कर दिया। घटना के दौरान महिला की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव कर उन्हें बचाया। परिजनों का कहना है कि यदि समय रहते लोग नहीं पहुंचते तो घटना और भी गंभीर रूप ले सकती थी।
हमले में पीड़िता को गंभीर चोटें आई हैं। मेडिकल परीक्षण में महिला की 6 से 7 पसलियां टूटने की पुष्टि बताई जा रही है, वहीं शरीर के अन्य हिस्सों में भी अंदरूनी चोटें आई हैं। पीड़ित परिवार का आरोप है कि हमलावरों ने न केवल मारपीट की बल्कि जान से मारने की धमकी भी दी, जिससे परिवार दहशत में है।

मामले में पुलिस द्वारा दर्ज अपराध की धाराओं को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। 
पीड़ित पक्ष और समाज के प्रतिनिधियों का आरोप है कि पुलिस ने घटना की गंभीरता के अनुरूप धाराएं नहीं लगाई हैं। उनका कहना है कि इतनी गंभीर चोटों और हमले की प्रकृति को देखते हुए आरोपियों पर हत्या के प्रयास सहित अन्य कड़ी धाराओं में मामला दर्ज होना चाहिए।
इसी मांग को लेकर अखिल भारतीय कुशवाहा महासभा ने पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपते हुए कहा है कि आरोपियों पर धारा 307, 325, 323, 294, 506 और 34 के तहत प्रकरण दर्ज कर तत्काल गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए। साथ ही पीड़ित परिवार को सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग भी की गई है।

महासभा ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं की गई तो समाज व्यापक आंदोलन के लिए बाध्य होगा। इस घटना को लेकर क्षेत्रीय लोगों में भारी नाराजगी है और सभी की निगाहें अब पुलिस प्रशासन की आगामी कार्रवाई पर टिकी हुई हैं।

Post a Comment

0 Comments