आपात स्थिति में त्वरित सहायता : डायल-112 की सतर्कता से सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति को मिला समय पर उपचार
टीकमगढ़
जिला टीकमगढ़ में आमजन को आपात परिस्थितियों में त्वरित एवं संवेदनशील सहायता उपलब्ध कराने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक टीकमगढ़ श्री मनोहर सिंह मंडलोई द्वारा जिले के समस्त थाना एवं चौकी प्रभारियों को निर्देशित किया गया है कि अपने-अपने क्षेत्र में किसी भी आपात स्थिति की सूचना प्राप्त होने पर तत्काल प्रभाव से संवेदनशील एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करें।
इसी क्रम में दिनांक 08 मार्च 2026 को रात्रि लगभग 09 बजे थाना खरगापुर क्षेत्र के अंतर्गत खरगापुर–पलेरा रोड पर एक सड़क दुर्घटना की सूचना डायल-112 वाहन को प्राप्त हुई, जिसमें कार और मोटरसाइकिल की टक्कर होने से एक व्यक्ति घायल हो गया था तथा तत्काल पुलिस सहायता की आवश्यकता थी।
सूचना प्राप्त होते ही डायल-112 वाहन को तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना किया गया। मौके पर पहुँचे डायल-112 स्टाफ आरक्षक चन्द्रपाल अहिरवार एवं पायलट देवेन्द्र यादव ने देखा कि दुर्घटना में एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया है।
पुलिस कर्मियों ने त्वरित एवं मानवीय पहल करते हुए घायल व्यक्ति को बिना विलंब एफ.आर.वी. वाहन के माध्यम से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खरगापुर पहुँचाया, जहाँ उसे भर्ती कराकर तत्काल उपचार उपलब्ध कराया गया। वर्तमान में घायल व्यक्ति का चिकित्सकीय उपचार जारी है।
इस त्वरित कार्रवाई से एक बार फिर यह स्पष्ट हुआ कि टीकमगढ़ पुलिस आपात परिस्थितियों में आमजन की सहायता के लिए सदैव तत्पर और संवेदनशील है।
जिला टीकमगढ़ पुलिस सेवा, सुरक्षा और संवेदनशीलता के साथ आमजन की सहायता के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है।
0 Comments