थाना – भालूमाड़ा, जिला – अनूपपुर (म.प्र.)
भालूमाड़ा पुलिस ने 48 घंटे में अंधी हत्या का खुलासा कर आरोपी को किया गिरफ्तार
अनूपपुर
दिनांक 18.03.2026 को मोबाइल के माध्यम से सूचना प्राप्त हुई कि ग्राम बरबसपुर के खेत में एक महिला का शव पड़ा हुआ है। सूचना पर थाना प्रभारी भालूमाड़ा उप निरीक्षक डी.एस. बागरी अपने स्टाफ के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे एवं जांच की गई। ग्राम बरबसपुर स्थित डुग्गी तालाब के पास चूड़ामणि के खेत में एक महिला का शव पाया गया, जिसकी पहचान नंसी बाई यादव पति भगवान दास उर्फ लल्लू यादव, उम्र 50 वर्ष, निवासी ग्राम बरबसपुर के रूप में हुई। मृतिका के पुत्र बब्बी यादव की सूचना पर मर्ग इंटीमेशन कायम कर पंचनामा कार्यवाही उपरांत शव का पोस्टमार्टम कराया गया। डॉक्टर द्वारा पीएम रिपोर्ट में गले में फंदा कसने से श्वास अवरुद्ध होने के कारण मृत्यु होना बताया गया। मर्ग जांच के आधार पर थाना भालूमाड़ा में अपराध क्रमांक 86/2026 धारा 103(1) बीएनएस के तहत अज्ञात आरोपी के विरुद्ध अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अनूपपुर श्री मोती-उर-रहमान (भा.पु.से.) के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री जगन्नाथ सिंह मरकाम एवं एसडीओपी कोतमा श्री नवीन तिवारी के मार्गदर्शन में विशेष टीम गठित की गई। विवेचना के दौरान प्राप्त साक्ष्यों एवं मुखबिर सूचना के आधार पर मृतिका के बड़े पुत्र हरिश्चन्द्र उर्फ बियानू यादव (उम्र 27 वर्ष) को संदेह के आधार पर हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसकी मां के शराब सेवन एवं पारिवारिक विवाद, विशेष रूप से भूमि संबंधी मतभेद के कारण वह आक्रोशित था। इसी कारण दिनांक 16.03.2026 की रात्रि में उसने अपनी मां की साड़ी से गला दबाकर हत्या कर दी तथा शव को लगभग 800 मीटर दूर डुग्गी तालाब के पास खेत में ले जाकर फेंक दिया।
आरोपी के कथन एवं उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर उसे दिनांक 20.03.2026 को समय 16:20 बजे विधिवत गिरफ्तार किया गया है। आरोपी को दिनांक 21.03.2026 को माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा।
अहम भूमिका – थाना प्रभारी उप निरीक्षक डी.एस. बागरी, स.उ.नि. महिपाल प्रजापति, स.उ.नि. कमलेश शुक्ला, स.उ.नि. चन्द्रहास बांधेकर, प्र.आर. 57 कृपाल सिंह, आर. 362 विनोद जावट, आर. 294 देवेन्द्र तिवारी एवं म.आर. 409 सुप्रिया त्रिपाठी की सराहनीय भूमिका रही।
0 Comments