Header Ads Widget

Ticker

6/recent/ticker-posts

पंचायत स्तर पर 100 दिवसीय बाल विवाह मुक्त भारत अभियान अंतर्गत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

🔸पंचायत स्तर पर 100 दिवसीय बाल विवाह मुक्त भारत अभियान अंतर्गत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
डिंडोरी

      कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया के निर्देशन एवं जिला कार्यक्रम अधिकारी श्री श्याम सिंह सिंगोर के मार्गदर्शन में बाल विवाह की कुप्रथा के उन्मूलन हेतु 27 नवम्बर 2025 से 8 मार्च 2026 तक संचालित 100 दिवसीय इंटेंसिव थीम आधारित बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत वन स्टॉप सेंटर, डिंडौरी द्वारा पंचायत स्तर पर व्यापक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।

यह कार्यक्रम विकासखंड करंजिया के आंगनबाड़ी केंद्र मोहतरा माल, शासकीय उचित मूल्य दुकान मोहतरा माल, आंगनबाड़ी केंद्र खुरखुरीदादर तथा उचित मूल्य दुकान कबीरमय खुरखुरीदादर में सामुदायिक सहभागिता के साथ सम्पन्न हुआ।
कार्यक्रम में वन स्टॉप सेंटर की प्रशासक श्रीमती सविता धार्वे ने उपस्थित बालिकाओं, महिलाओं एवं पुरुषों को अभियान के उद्देश्यों की जानकारी देते हुए बाल विवाह के सामाजिक, स्वास्थ्य संबंधी एवं कानूनी दुष्परिणामों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि बाल विवाह एक गंभीर सामाजिक बुराई होने के साथ-साथ कानूनन दंडनीय अपराध भी है।
इस अवसर पर महिलाओं एवं बालिकाओं को वन स्टॉप सेंटर द्वारा प्रदान की जाने वाली सेवाओं, महिला हेल्पलाइन नंबर 181, चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 तथा वन स्टॉप सेंटर हेल्पलाइन नंबर 7828195167 के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई, ताकि आवश्यकता पड़ने पर वे तत्काल सहायता प्राप्त कर सकें।

कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित बालिकाओं एवं महिलाओं को बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीतियों के विरुद्ध जागरूक रहने तथा इसके उन्मूलन में सक्रिय भागीदारी निभाने का संकल्प दिलाया गया।

कार्यक्रम में वन स्टॉप सेंटर की केस वर्कर श्रीमती रितु खांडे, बहुउद्देशीय सहायिका श्रीमती राधा श्याम, सेक्टर मोहतरा पर्यवेक्षक श्रीमती लीला ठाकुर, ग्राम मोहतरा की उपसरपंच श्रीमती अनीशा महोबे एवं सेक्टर पर्यवेक्षक श्रीमती मीरा उइके सहित स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

जिले में बाल विवाह की रोकथाम एवं जनजागरूकता के लिए इस प्रकार के कार्यक्रम निरंतर आयोजित किए जा रहे हैं, जिससे समाज में सकारात्मक परिवर्तन सुनिश्चित किया जा सके।

Post a Comment

0 Comments