नरसिंहपुर
कलेक्टर श्रीमती रजनी सिंह ने गोटेगांव विकासखंड के ग्राम बरहेटा में प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र व सिलवानी में आरोग्यम स्वास्थ्य केन्द्र का निरीक्षण कर मिलने वाली स्वास्थ्य सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र बरहेटा में कलेक्टर ने दवा स्टोर, लेबर रूम, ओपीडी, वार्डों आदि का निरीक्षण किया। दवा स्टोर के निरीक्षण के दौरान निर्देश दिए कि पंजी संधारण कर दवाईयों के उत्पादन एवं एक्सपायरी दिनांक का उल्लेख करें। दवाईयों की डिमांड आवश्यकतानुसार ही करें, जिससे दवाईयां अनावश्यक खराब न हो। उन्होंने यहां गर्भवती पंजीयन, एएनसी, टीकाकरण आदि की जानकारी ली। यहां आए मरीजों से संवाद कर उन्हें मिलने वाली स्वास्थ्य सुविधाओं के बारे में पूछा। मरीजों ने कलेक्टर को यहां की सभी व्यवस्थाएं अच्छी होना बताया।
आरोग्यम स्वास्थ्य केन्द्र सिलवानी के निरीक्षण के दौरान ग्रामीणों ने बताया कि यह स्वास्थ्य केन्द्र बंद रहता है और चिकित्सक नहीं आते हैं। ग्रामीणों की शिकायत पर कलेक्टर ने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को चिकित्सक की व्यवस्था कराने और नियमित रूप से स्वास्थ्य केन्द्र खोले जाने के निर्देश मौके पर दिए, जिससे ग्रामीणों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं सुनिश्चित हो सके।
0 Comments