जिला पंचायत की सामान्य प्रशासन समिति की बैठक संपन्न
जबलपुर
जिला पंचायत की सामान्य प्रशासन समिति की आज जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती आशा मुकेश गोंटिया की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में वन विभाग, स्वास्थ्य विभाग और उद्यानिकी विभाग की गतिविधियों और योजनाओं की समीक्षा की गई। जिला पंचायत के सभाकक्ष में संपन्न हुई इस बैठक में जिला पंचायत उपाध्यक्ष विवेक पटेल, मुख्य कार्यपालन अधिकारी अभिषेक गहलोत तथा समिति के सभी सदस्य उपस्थित थे।
जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती गोटिया ने बैठक में मौजूद सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम छोर तक के व्यक्ति तक पहुँचना सुनिश्चित करें। बैठक में वन विभाग द्वारा वित्तीय वर्ष 2023-24 एवं 2024-25 में तहसीलवार किये गये अधोसंरचना विकास के कार्यों की समीक्षा की गई तथा स्वीकृत कार्यों की मौजूदा स्थिति की जानकारी दी गई। अध्यक्ष श्रीमती गोटिया ने आगामी कार्यों में सभी सदस्यों से उनका अनुमोदन और सुझाव लेने के अधिकारियों को निर्देश दिए।
सामान्य प्रशासन समिति की बैठक में मप्र ग्रामीण सड़क विकास प्राधिकरण द्वारा मुख्यमंत्री मजरा टोला सड़क योजना के अंतर्गत विधानसभावार स्वीकृत सड़क निर्माण के कार्यों की जानकारी दी गई। सदस्यों ने सड़क निर्माण कार्यों में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने पर जोर दिया तथा अपने-अपने क्षेत्र में सड़क निर्माण की आवश्यकता को लेकर सुझाव दिये। उद्यानिकी विभाग के अंतर्गत संचालित रोपणियों की विगत 4 वर्ष की आय-व्यय की समीक्षा भी बैठक में की गई।
बैठक में एक जिला एक उत्पाद योजना के तहत मटर की छोटी-छोटी प्रसंस्करण इकाईयों की स्थापना पर जोर दिया गया। जिला पंचायत सीईओ श्री गहलोत ने इसके लिए एक कार्ययोजना तैयार करने तथा नरसिंहपुर के 'गुड़ भट्टी' मॉडल की तर्ज पर गांव-गांव में छोटी-छोटी मटर प्रोसेसिंग इकाइयां स्थापित करने की जरूरत बताई। उन्होंने बताया कि इस कार्ययोजना में ग्रामीणों को जोड़कर मटर छीलने, ब्लांचिंग और पैकैजिंग का प्रशिक्षण दिया जाएगा ताकि बाहर भेजने के बजाय मटर का स्थानीय स्तर पर ही मूल्यवर्धन किया जा सके। श्री गहलोत ने कहा कि मटर प्रोसेसिंग की इकाईयां स्थापित करने के लिए पीएम-एफएमई जैसी योजनाओं के माध्यम से वित्तीय और तकनीकी सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। जबकि, खंड स्तर पर निरंतर मॉनिटरिंग और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा को बढ़ावा देने के लिए एक रियल-टाइम डैशबोर्ड का उपयोग किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस यूनिट से न केवल किसानों की आय में भारी वृद्धि होगी, बल्कि हमारे क्षेत्र को एक ब्रांड के रूप में 'मटर हब' की विशेष पहचान मिलेगी।
बैठक में स्वास्थ्य विभाग की भी विस्तार से समीक्षा की गई। समिति के सदस्यों के सुझाव पर जिला पंचायत के सीईओ ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को ग्रामीण क्षेत्र में स्थित स्वास्थ्य केन्द्रों में मरीजों के अनुकूल बैठने की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
0 Comments